बॉक्स ऑफिस पर 'आरआरआर' के सामने भी 'द कश्मीर फाइल्स' का जलवा कायम, कमाए इतने करोड़ रुपये....

द कश्मीर फाइल्स ने बॉक्स ऑफिस में एक बार फिर वापसी कर ली है। आरआरआर की रिलीज के बाद फिल्म के कलेक्शन में गिरावट दर्ज हुई थी। अब तीसरे शनिवार फिल्म की कमाई में उछाल आया है। द कश्मीर फाइल्स बॉक्स ऑफिस पर अभी तक 219 करोड़ से अधिक का बिजनेस कर चुकी है। वहीं द कश्मीर फाइल्स फिल्म के अबतक के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात कारण तो मूवी ने अबतक 252 करोड़ का आकड़ा पार कर लिया है।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक द कश्मीर फाइल्स ने तीसरे शनिवार 7.25 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। इससे पहले फिल्म ने आरआरआर की रिलीज के बाद शुक्रवार को 4.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। फिल्म की कुल कमाई 219.08 करोड़ रुपए हो चुकी है। द कश्मीर फाइल्स फिल्म को पहले ही ऑल टाइम ब्लॉक बस्टर घोषित कर दिया गया है। वहीं, आरआरआर के हिंदी वर्जन ने दूसरे दिन 24 से 25 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। ऐसे में शनिवार का दिन बॉक्स ऑफिस के लिए बेहद धमाकेदार साबित हुआ है। वहीं आरआरआर के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो मूवी ने अब तक 223 करोड़ का बिजनेस कर लिया है।
निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' लगातार धूम मचा रही है। कश्मीरी पंडितों की दर्दनाक दास्तान पर आधारित यह फिल्म अब तक 'राधे श्याम' और 'बच्चन पांडे' को धूल चटा चुकी है और अब इसके सामने एसएस राजामौली की बड़े बजट की फिल्म 'आरआरआर' है। दरअसल, द कश्मीर फाइल्स का 15वें दिन का कलेक्शन महज 4.5 करोड़ रुपये था, जिसके बाद माना जा रहा था कि अब यह फिल्म ढलान पर है। हालांकि, फिल्म की 16वें की कमाई में एक बार फिर उछाल आया है।