Pyara Hindustan
National

अभय वर्मा ने पेश किया लक्ष्मी नगर विधानसभा का रिपोर्ट-कार्ड ‘3 वर्ष उन्नति के पथ पर अग्रसर’

अभय वर्मा ने पेश किया लक्ष्मी नगर विधानसभा का रिपोर्ट-कार्ड ‘3 वर्ष उन्नति के पथ पर अग्रसर’
X

लक्ष्मी नगर विधानसभा के विधायक अभय वर्मा के बतौर विधायक तीन वर्ष सफलतापूर्वक पूरे होने पर लक्ष्मी नगर के प्रियदर्शनी विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल में प्रसिद्ध कथावाचक श्री अजय भाई जी के सानिध्य में सुन्दर काण्ड पाठ का आयोजन किया गया। इसके बाद डॉक्यूमेंट्री फिल्म व ‘3 वर्ष उन्नति के पथ पर अग्रसर’ रिपोर्ट-कार्ड जारी किया गया जिसमें मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा उपस्थित रहे।




कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक अभय वर्मा ने कहा कि वर्ष 2020 में लक्ष्मी नगर की जनता ने जिस विश्वास के साथ क्षेत्र की कमान मुझे सौंपी, उस विश्वास को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाकर मैंने क्षेत्र की हर समस्या को दूर करने में दिन-रात एक कर दिया जिसका परिणाम लक्ष्मी नगर की बदलती-संवरती तस्वीर में नजर आ रहा है। विरोधियों ने बहुत कोशिश की लेकिन कोई भी मेरे द्वारा क्षेत्र में चलाए जा रहे ‘विकास रथ’ को रोक नहीं सका। यही वजह है कि वर्ष 2020 से अब तक लक्ष्मी नगर क्षेत्र बदलता-संवरता चला गया। अपने तीसरे साल के कार्यकाल को असिता ईस्ट पार्क का उद्घाटन, आईजीएल के लिए अब तक 44,854 से अधिक लोगों द्वारा पंजीकरण, 39,862 घरों में मीटर स्थापित सहित कुल 19,111 परिवार द्वारा घरेलू रसोई गैस का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त तीन वर्ष के कार्यकाल में क्षेत्र के विकास हेतु सड़क, नाली से संबंधित शिकायतों का निवारण दिल्ली नगर निगम, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 25 किलोमीटर लम्बी सड़क के पुनर्निर्माण आदि 95 कार्यों को कुल 26 करोड़ 17 लाख 18 हजार 475 रुपए की लागत से करवाया। सीवर की मरम्मत, साफ-सफ़ाई और रोड़ कटिंग से जुड़े कुल 20 करोड़ 73 लाख रुपए के 137 विकास कार्य करवाए गए। गत 3 वर्ष के दौरान पानी की पाइपलाइन बदलवाने के साथ-साथ कुल 152 प्रोजेक्ट पर कार्य करवाया जिस पर कुल 23 करोड़ 44 लाख 07 हजार रुपए खर्च किए जा चुके हैं, जो गत दो वर्षों से दोगुना अधिक है। क्षेत्र में जो भी विकास कार्य हुए हैं उन सबके पीछे क्षेत्रवासियों व हमारे देवतुल्य कार्यकर्ताओं का आशीर्वाद व समर्पण है। मेरी सबसे बड़ी ताकत क्षेत्र की जनता है और जनता के लिए जीता-मरता हूं। मैंने प्रण लिया है कि लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र को स्वस्थ, स्वच्छ, सुरक्षित विधानसभा के रूप में स्थापित करूंगा जो दिल्ली में एक मॉडल के रूप में अपना स्थान बनाएगी।




कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने सबसे पहले अभय वर्मा को हृदय की गहराईयों से बधाई व आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। वीरेन्द्र सचदेवा ने अपने सम्बोधन में कहा कि मैं अभय वर्मा जी को 15 वर्षों से जानता हूं और मेरा व उनका संबंध मित्रवत् है। मेरा भी निवास यमुना पार होने के कारण लक्ष्मी नगर से प्रतिदिन आना-जाना होता है और जिस प्रकार से अभय वर्मा जी ने चुनाव के दौरान क्षेत्रवासियों से जो वायदा किया था उस पर दिन-रात एक कर पूरा करने के लिए प्रयासरत रहते हैं। लक्ष्मी नगर विधानसभा के क्षेत्रवासियों से लगातार मेरी बातचीत होती रहती है और अभय वर्मा जी की कार्यशैली की प्रशंसा आए दिन मुझे सुनने को भी मिलती है। लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र में असिता ईस्ट परियोजना और घर-घर रसोई गैस पाइपलाइन पहुंचाने का जो कार्य युद्धस्तर पर हुआ निश्चितरूप से अभय वर्मा जी के अथक प्रयासों का परिणाम है। भारतीय जनता पार्टी क्षेत्र के विकास के लिए ही दिन-रात काम करती है। इसका जीता-जागता उदाहरण लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे अनेक विकास कार्यों से समझा जा सकता है।



कार्यक्रम में लक्ष्मी नगर वॉर्ड की निगम पार्षद अलका राघव व पाण्डव नगर के निगम पार्षद यशपाल कैंतुरा, ललिता पार्क मण्डल अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, पाण्डव नगर मण्डल अध्यक्ष अर्जुन कैंतुरा, शाहदरा जिलाध्यक्ष लता गुप्ता, पूर्व मण्डल अध्यक्ष जितेन्द्र अरोड़ा, शकरपुर से विधायक प्रतिनिधि राजेश तिवारी, पाण्डव नगर से विधायक प्रतिनिधि गगन भोला, मंडावली से विधायक प्रतिनिधि योगेश गोला, गणेश नगर कॉम्प्लैक्स से विधायक प्रतिनिधि रविन्द्र शर्मा, सी.ए. सेल प्रदेश सह-संयोजक कामेश आचार्य, हंसराज भारद्वाज, महिला मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रीना गगन प्रकाश, संतोष साह, कमलेश झा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

Next Story