Pyara Hindustan
National

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को 'राष्‍ट्रपत्‍नी' बोलकर फंसे अधीर रंजन चौधरी, BJP ने कहा-आदिवासी महिला का सम्मान नहीं पचा पा रही कांग्रेस, मांगे माफी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्‍ट्रपत्‍नी बोलकर फंसे अधीर रंजन चौधरी, BJP ने कहा-आदिवासी महिला का सम्मान नहीं पचा पा रही कांग्रेस, मांगे माफी
X

देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी के अर्मायादित बयान के बाद हंगामा हो गया है। बीजेपी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस आदिवासी राष्ट्रपति बर्दास्त नहीं कर पा रही है।

दरअसल कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने दिल्ली में पार्टी के एक प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए 'राष्ट्रपत्नी' शब्द का इस्तेमाल किया। जिसके बाद महाहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को 'राष्ट्रपत्नी' बोलने पर संसद में भारी हंगामा हो गया है। संसद में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और स्मृति इरानी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। स्मृति इरानी ने कहा कि इसके लिए कांग्रेस को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। बीजेपी की मांग है कि इस मामले में सोनिया गांधी को माफी मांगनी चाहिए।

लोकसभा में स्मृति इरानी ने अधीर रंजन चौधरी के इस बयान को लेकर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी पर जमकर हमला बोला। स्मृति इरानी ने कहा कि कांग्रेस नेता का बयान बताता है कि उनकी पार्टी की सोच क्या है। उन्होंने कहा कि अधीर रंजन चौधरी जी ने राष्ट्रपति जी को राष्ट्र की पत्नी बताकर अपनी सोच उजागर की है। यह सभी जानते हैं कि कांग्रेस की सोच आदिवासी विरोधी है और महिलाओं के खिलाफ है। स्मृति इरानी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीब विरोधी है, कांग्रेस पार्टी यह बर्दास्त नहीं कर पा रही है कि आदिवासी राष्ट्रपति बनी है। कांग्रेस आदिवासी महिला का सम्मान पचा नहीं पा रही है। अधीर रंजन चौधरी ही नहीं कांग्रेस को भी इस पर माफी मांगनी चाहिए। लोकसभा से लेकर राज्यसभा तक में बीजेपी ने इस मसले को पूरी ताकत के साथ उठाया है।

राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मोर्चा संभाला और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अधीर रंजन चौधरी की टिप्पणी महिला विरोधी है और सेक्सिस्ट है।

इस बीच अधीर रंजन चौधरी ने सफाई देते हुए कहा कि अचानक उनके मुंह से यह शब्द निकल गया था। उनकी कोई गलत मंशा नहीं थी। माफी के सवाल पर अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि चूक से एक शब्द निकल गया था। मैंने पहले राष्ट्रपति कहा और साथ-साथ में राष्ट्रपत्नी शब्द निकल गया। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि कल और परसों लगातार हम लोग जब विजय चौक की तरफ प्रदर्शन कर रहे थे तो हमसे पूछा गया कि आप कहां जाना चाहते हैं तो मैंने कहा था कि राष्ट्रपति से मिलना चाहते हैं।


Shipra Saini

Shipra Saini

News Anchor


Next Story