Pyara Hindustan
National

G20: भारत की अध्यक्षता में G20 का स्थायी सदस्य बना अफ्रीकन यूनियन, INDIA की जगह लिखा भारत

G20: भारत की अध्यक्षता में G20 का स्थायी सदस्य बना अफ्रीकन यूनियन, INDIA की जगह लिखा भारत
X

देश की राजधानी दिल्ली में आज G20 शिखर सम्मेलन का आगाज हो चुका है। भारत को इस पल का बेसब्री से इंतजार था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके लिए भारत मंडपम पहुंचे हैं। जहां कड़ी सुरक्षा के बीच पीएम मोदी का स्वागत किया गया। पीएम के साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर और एनएसए अजीत डोभाल भी थे। शिखर सम्मेलन शुरू होने से पहले तीनों ने चर्चा की।

दुनिया के शीर्ष राष्ट्राध्यक्षों के दिल्ली पहुंचने के बाद पीएम मोदी के भाषण से G20 शिखर सम्मेलन का आगाज हो गया है। राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में इसका आयोजन किया जा रहा है, जहां विश्व के कई दिग्गज नेता और उद्योग जगत से जुड़े नेता पहुंचे। इस समिट में पीएम मोदी की G20 देश प्लेट पर INDIA की जगह भारत लिखा गया।

भारत की अध्यक्षता में अफ़्रीकन यूनियन को जी20 में स्थायी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। जी-20 शिखर सम्मेलन के पहले दिन हुए सेशन में पीएम मोदी ने अफ्रीकन यूनियन को आधिकारिक रूप से जी-20 ग्रुप में शामिल किए जाने का ऐलान किया। पीएम मोदी ने कहा कि सभी की सहमति के साथ अफ़्रीकन यूनियन G20 का स्थायी सदस्य बनने जा रहा है। पीएम के इस ऐलान के बाद पूरा भारत मंडपम तालियों से गूंज उठा।वहां बैठे सभी नेताओं ने तालिया बजाकर इस कदम का स्वागत किया।

अफ़्रीकन यूनियन को जी20 में स्थायी सदस्य के रूप में शामिल करने के ऐलान के बाद पीएम मोदी ने अफ्रीकी यूनियन के अध्यक्ष अजाली असौमनी को गले लगाकर बधाई दी। पीएम मोदी के ऐलान के बाद भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर अफ्रीकी यूनियन के अध्यक्ष अजाली असौमनी को साथ लेकर आए थे।

बता दें कि यूरोपियन संघ के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल ने इससे पहले जानकारी देते हुए कहा था कि भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित अफ्रीकी संघ की जी20 सदस्यता को यूरोपियन यूनियन का समर्थन है। भारत सरकार के इस प्रस्ताव का मिशेल ने स्वागत किया था। पीएम मोदी के ऐलान के बाद अफ्रीकी यूनियन अब औपचारिक रूप से जी20 का स्थायी सदस्य बन गया है।

Shipra Saini

Shipra Saini

News Anchor


Next Story