Pyara Hindustan
World

व्हाइट हाउस में शानदार स्वागत के बीच पीएम मोदी ने बाइडेन फैमिली को 'सहस्र चंद्र दर्शनम', बेशक़ीमती ग्रीन डायमंड समेत दिए कई ख़ास उपहार

व्हाइट हाउस में शानदार स्वागत के बीच पीएम मोदी ने बाइडेन फैमिली को सहस्र चंद्र दर्शनम, बेशक़ीमती ग्रीन डायमंड समेत दिए कई ख़ास उपहार
X

पीएम मोदी 21 जून को वॉशिंगटन पहुंचे जहां गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उनका स्‍वागत किया गया। वही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी यात्रा के दूसरे दिन व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति जो बाइडन से मुलाकात की। पीएम मोदी का जो बाइडन ने अपनी पत्नी के साथ व्हाइट हाउस में शानदार स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी ने अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी को खास तोहफा दिया, जिसके बाद पीएम मोदी को भी जो बाइडेन और उनकी पत्नी ने भी कई खास उपहार दिए। बता दें, पीएम मोदी के लिए 21 जून को व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति बाइडेन और फर्स्ट लेडी ने प्राइवेट डिनर रखा था।

पीएम मोदी ने अमेरिका की फर्स्ट लेडी को दिया ख़ास ग्रीन डायमंड

पीएम नरेंद्र मोदी ने अमेरिका की प्रथम महिला डॉ. जिल बाइडन को प्रयोगशाला में विकसित 7.5 कैरेट का हरा हीरा उपहार में दिया। हीरा पृथ्वी से खोदे गए हीरों के रासायनिक और ऑप्टिकल गुणों को दर्शाता है। यह पर्यावरण के अनुकूल भी है, क्योंकि इसके निर्माण में सौर और पवन ऊर्जा जैसे पर्यावरण-विविध संसाधनों का उपयोग किया गया है।

बता दे, पीएम मोदी ने अमेरिका की प्रथम महिला को ग्रीन डायमंड दिया है, यह भारत और अमेरिका के 75 साल के संबंधों का प्रतीक भी है. यही वजह है कि पीएम मोदी ने 7.5 कैरेट का हरा हीरा तोहफे में दिया है. इस हीरे को प्रयोगशाला में तराशा गया है और यह प्रति कैरेट केवल 0.028 ग्राम कार्बन उत्सर्जित करता है। इसे आईजीआई द्वारा प्रमाणित जेमोलॉजिकल लैब द्वारा विकसित किया गया है। यह अपने 4C कट, रंग, कैरेट और स्पष्टता के कारण एक विशेष हीरा है।

जानें डायमंड बॉक्स की ख़ासियत

पीएम मोदी द्वारा जिल बिडेन को दिया गया हरा हीरा एक विशेष बॉक्स में रखा गया है। इसे कार-ए-कलामदानी के नाम से जाना जाता है। यह कश्मीर से प्राप्त कागज की लुगदी में कागज को मोड़कर सावधानीपूर्वक बनाया गया एक बक्सा है। यह विशेष रूप से कुशल कारीगरों के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह कश्मीर की प्राचीन परंपरा और शिल्प कौशल का भी प्रतीक है। यह भारत की जीवंत संस्कृति का आधुनिक अवतार भी है।

जो बाइडेन को मोदी ने दिया 'सहस्र चंद्र दर्शनम' वाला खास गिफ्ट

वहीं, पीएम मोदी ने राष्‍ट्रपति जो बाइडेन को एक विशेष चंदन का डिब्बा भेंट किया, जिसे जयपुर के एक मास्टर शिल्पकार द्वारा हस्तनिर्मित किया गया है. इसपर मैसूर से प्राप्त चंदन में जटिल रूप से नक्काशीदार वनस्पतियों और जीवों के पैटर्न हैं.

पीएम मोदी ने जो बाइडेन को "सहस्र चंद्र दर्शनम" का तोहफा दिया है। पीएम मोदी के दिए गए इस उपहार का धार्मिक दृष्टि से बहुत ही अधिक महत्व है। यह उपहार उम्र के अनुसार दिया जाता है। जो बाइडेन के 80 साल हो जाने पर उन्हें यह खास उपहार दिया है।

सहस्र चंद्र दर्शनम का अर्थ हजार पूर्ण चंद्रमाओं के दर्शन करने से हैं। जो व्यक्ति हजार पूर्णिमा देख लेता है उसे यह उपहार दिया जाता है। ऐसा लगभग व्यक्ति की उम्र 80 साल और 8 महीने होने के बाद होता है। एक वर्ष में 12 पूर्णिमा होती है, प्रत्येक वर्ष में 2 पूर्णिमा तिथि अधिक होती है। ऐसे में 80 साल 8 महीने के बाद व्यक्ति 1000 पूर्णिमा देख लेता है। जो बाइडेन अगले महीने 20 जुलाई को 80 साल 8 महीने के हो जाएंगे ऐसे में पीएम मोदी ने उन्हें यह खास उपहार दिया है।

उपहार में भारत के कई राज्यों की झलक

बता दें, सहस्र चंद्र दर्शनम में 10 चीजों के दान करने की परंपरा होती है। इसमें गोदान, भूदान, तिलदान, घी, नमक, अनाज, वस्त्रदान, गुड़दान, सोने और चांदी का दान किया जाता है। जो बाइडेन के लिए यह सभी गिफ्ट मैसूर के अलावा भारत के कई राज्यों से मगवाएं गए है जो चंदन की लकड़ी के डिब्बे में रखी छोटी-छोटी चांदी की डिब्बियों में रखे गए हैं। जिसमे पंजाब का घी, राजस्थान का हाथ से बनाया हुआ 24 कैरेट हॉलमार्क वाला सोने का सिक्का, 99.5% कैरेट चांदी का सिक्का, महाराष्ट्र का गुड़, उत्तराखंड का चावल, तमिलनाडु का तिल, कर्नाटक के मैसूर का चंदन का टुकड़ा, पश्चिम बंगाल के कुशल कारीगरों द्वारा हस्तनिर्मित चांदी का नारियल, गुजरात का नमक, भगवान गणेश की मूर्ति के साथ दीपक दिया है।

पीएम मोदी को बाइडेन ने दिया खास उपहार

राष्ट्रपति बाइडेन की ओर से पीएम मोदी को प्राचीन अमेरिकी पुस्तक गैली भेंट की गई। यह 20वीं सदी की शुरुआत की एक हस्तनिर्मित पुस्तक है। इसके साथ ही एक विंटेज अमेरिकी कैमरा भी गिफ्ट किया। कैमरे के साथ जॉर्ज ईस्टमैन के पहले कोडक कैमरे के पेटेंट का एक अभिलेखीय प्रिंट और अमेरिकी वन्यजीव फोटोग्राफी की एक किताब भी है। वहीं जिल बाइडेन ने पीएम मोदी को एक किताब 'कलेक्टेड पोयम्स ऑफ रॉबर्ट फ्रॉस्ट' का प्रथम संस्करण गिफ्ट किया।

Rani Gupta

Rani Gupta

News Reporter


Next Story