Pyara Hindustan
National

दही हंडी उत्सव में शिंदे गुट ने दिखाई राजनीतिक ताकत, उद्धव गुट पर साधा निशाना

दही हंडी उत्सव में शिंदे गुट ने दिखाई राजनीतिक ताकत, उद्धव गुट पर साधा निशाना
X

महाराष्ट्र में दही हांडी उत्सव पर जमकर सियासत हो रही है। एक तरफ सीएम शिंदे उद्धव गुट को अपनी ताकत का एहसास करा रहे है तो दूसरी तरफ आदित्य ठाकरे ने शिंदे गुट पर पलटवार किया है। सीएम एकनाथ शिंदे ने दही हांडी के उत्सव पर उद्धव ठाकरे के खिलाफ जमकर निशाना साधा। उन्होंने अपने विद्रोह का जिक्र करते हुए कहा कि जून में उन्होंने और उनके समर्थकों ने बहुत ही चुनौतीपूर्ण दही हांडी को तोड़ने का काम किया था।

एकनाथ शिंदे ने कहा, 'आप लोग अब दही हांडी तोड़ रहे हैं। हमने डेढ़ महीने पहले एक बहुत ही कठिन दही हांडी को तोड़ा था। यह बहुत कठिन था, ऊंचा था, और हमें उसे तोड़ने के लिए 50 मजबूत परतों की मदद लेनी पड़ी, लेकिन अंतत: हम सफल हुए।'


दरअसल सीएम शिंदे राज्य में शिवसेना-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-कांग्रेस की गठबंधन सरकार को गिराने की ओर इशारा कर रहे थे। बीजेपी और शिवसेना के बागी विधायकों के समर्थन से 30 जून को मुख्यमंत्री बने एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को जन्माष्टमी के अवसर पर तेंभी नाका में आयोजित एक दही हांडी कार्यक्रम के दौरान यह बात कही।

इसी के साथ शिंदे गुट ने दही-हंडी उत्सव में बढ़ चढ़कर राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराई। मुंबई से लेकर ठाणे, कल्याण, नवी मुंबई, मीरा भाईंदर और आसपास के उपनगरीय इलाकों में शिंदे गुट के विधायकों, नगरसेवकों और पदाधिकारियों ने दही-हंडी का बड़े स्तर पर आयोजन किया, जिसमें नेता, अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

Shipra Saini

Shipra Saini

News Anchor


Next Story