Pyara Hindustan
Public Opinion

श्रीकांत त्यागी मुद्दे पर नोएडा में हुई त्यागी समाज की महापंचायत में कई राज्यों की उमडी भीड ने भाजपा की चिंता बढ़ाई

श्रीकांत त्यागी मुद्दे पर नोएडा में हुई त्यागी समाज की महापंचायत में कई राज्यों की उमडी भीड ने भाजपा की चिंता बढ़ाई
X

नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता और गाली-गलौज करने के मामले में जेल में बंद श्रीकांत के समर्थन में त्यागी समाज उतर आया है। रविवार को भंगेल में सुबह 11 बजे शुरू हुई महापंचायत दोपहर 3 बजे तक चली। मंच पर सबसे पहले उन 6 लड़कों को सम्मानित किया गया है, जो सोसाइटी में उपद्रव के आरोप में जेल गए थे। इस दौरान नोएडा से BJP सांसद डॉ. महेश शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की गई।

महापंचायत में मांग की गई कि सांसद अपने बयान के लिए सार्वजनिक माफी मांगें। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी मंच पर पहुंचे थे। मंच पर उन्हें बोलने नहीं दिया गया। लोगों ने कहा कि ये राजनीतिक मंच नहीं है इस मंच से किसी भी राजनैतिक दल के नेता को बोलने नहीं दिया जाएगा l

श्रीकांत की पत्नी अनु त्यागी ने सांसद डॉ. महेश शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए। उसने कहा,"यह पूरी साजिश डॉ. महेश शर्मा की है। उन्होंने मेरे परिवार और मेरे पति को फंसाया है।" अनु ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री पुलिस और प्रशासन से कहा, ''मेरे पति के खिलाफ गैरकानूनी ढंग से कार्रवाई की गई है। उनका इतना दोष नहीं था, जितनी उनके खिलाफ कार्रवाई हुई। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो।''

संयुक्त त्यागी स्वाभिमान मोर्चा ने 14 सूत्री ज्ञापन DM को सौंपा है। इसकी मांगों को पूरा करने के लिए पंचायत ने प्रशासन को 15 दिन का वक्त दिया है।

ये हैं बड़ी मांगें...

* श्रीकांत के ऊपर से गैंगस्टर हटाया जाए।

* जब्त की गईं उनकी गाड़ियां वापस की जाएं।

* 6 लड़कों से मुकदमा खत्म किया जाए।

* अनु त्यागी को अवैध हिरासत में रखने वाले पुलिस वाले सस्पेंड हों।

* फ्लैट के बाहर तोड़े गए निर्माण को दोबारा कराया जाए।

* सांसद महेश शर्मा को भाजपा से निष्कासित किया जाए।

महापंचायत में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश और बिहार तक से त्यागी बिरादरी के हजारों की संख्या में लोग पहुंचे I

जेल गए लोकेंद्र त्यागी ने श्रीकांत त्यागी का संदेश महापंचायत में सुनाया। उन्होंने कहा, ''आपने गैंगस्टर से नेता बनते हुए बहुत देखे होंगे। नेता से गैंगस्टर देखना हो, तो श्रीकांत त्यागी को देखिए।'' इस बीच योगी सरकार के बहिष्कार की आवाज उठी। हालांकि, इसका डैमेज कंट्रोल भी किया गया। मंच से कहा गया कि हमारी लड़ाई योगी सरकार से नहीं, सिर्फ सांसद महेश शर्मा से है।

पंचायत की खबरों के बीच BJP सांसद महेश शर्मा ने नोएडा के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह को एक चिट्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने लिखा, 'नोएडा के रामलीला मैदान में एक संगठन ने धरना प्रदर्शन का आह्वान किया है। इसमें हिंसात्मक गतिविधि हो सकती है।

प्रदर्शन में शामिल कुछ प्रायोजित असामाजिक लोग गौतमबुद्ध नगर में कैलाश अस्पताल और हमारे निवास स्थान को नुकसान पहुंचा सकते हैं। दोनों जगह पुलिस सुरक्षा लगाई जाए। मेरे खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है।'

त्यागी ब्राह्मण वैलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राजनैतिक विश्लेषक पवन त्यागी ने कहा कि सम्पूर्ण त्यागी समाज ने हमेशा से BJP को वोट दिया है। इसलिए हमारा कहने का पूरा हक है कि हमारी ही बनाई सरकार यदि गलत करेगी तो इसका विरोध करना और गलत को सही कराने के लिए अपनी बात समाज के समक्ष मजबूती से रखें और अपना विरोध दर्ज कराएं ,ताकि भविष्य का निर्णय हो सके I

पवन त्यागी ने कहा कि त्यागी समाज भाजपा का समर्थक हैं किंतु बंधुआ मजदूर या गुलाम नहीं जोकि अत्याचार सहकर भी समर्थक बना रहेगा I

पवन त्यागी ने कहा कि हम चाहते हैं कि श्रीकांत त्यागी और उनके साथियों से सारी धाराएं हटाई जाएं और श्रीकांत त्यागी पर भी महिला अभ्रदता की धाराओं में केस चले न कि गुंडा एक्ट में I

पवन त्यागी ने कहा कि त्यागी समाज इस बार चुनाव में सांसद शर्मा और राजेंद्र अग्रवाल को उनकी ताकत का अहसास कराया जाएगा।" यदि भाजपा इन दोनों को लोकसभा चुनाव में टिकट देगी तो त्यागी समाज इन्हें वोट नहीं देगा जिससे इनका हारना तय है I

* महापंचायत क्यों करने की नौबत आई , सबसे पहले यह जानना जरूरी है। आइए बताते हैं....

महिला से छेड़छाड़ पर शुरू हुआ था बवाल
 नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में श्रीकांत त्यागी का एना अग्रवाल नाम की महिला से झगडा हुआ जिसमें आवेश में आकर श्रीकांत ने महिला के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की थी। वीडियो वायरल होने पर नोएडा पुलिस ने श्रीकांत को मेरठ से तीन साथियों समेत 9 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। इसके बाद श्रीकांत पर गैंगस्टर एक्ट लगा। उसके 9 साथी भी जेल गए।

श्रीकांत के फ्लैट के बाहर बने अवैध अतिक्रमण को भी नोएडा अथॉरिटी ने ध्वस्त कर दिया गया। इस पूरे मामले में श्रीकांत और उसके साथियों पर चार मुकदमे नोएडा के थाना फेज-2 में दर्ज हुए थे। फिलहाल, श्रीकांत को छोड़कर उसके बाकी साथी जमानत पर छूट चुके हैं।

त्यागी समाज में गुस्सा क्यों है, आइए बताते हैं...

श्रीकांत त्यागी के 6 समर्थकों को भी पुलिस ने जेल भेजा। इन्हें सांसद ने गुंडा बताया। इसी के चलते त्यागी समाज में नाराजगी है।

पत्नी को अवैध कस्टडी में रखने और सांसद के बयान से नाराजगी ज्यादा बढ गई I
 संयुक्त त्यागी स्वाभिमान मोर्चा के प्रमुख नेता हरिओम त्यागी ने कहा, ''श्रीकांत ने जितनी गलती की, पुलिस ने उससे कहीं ज्यादा उसको सजा दी। यह सजा उनके परिवार को भी झेलनी पड़ी। श्रीकांत की पत्नी अनु त्यागी तीन दिन तक पुलिस कस्टडी में रहीं। उनके फ्लैट की बिजली-पानी सप्लाई काट दी गई। मासूम बच्चे तीन दिन तक दहशत में अकेले फ्लैट में रहे। पुलिस ने श्रीकांत को गुंडा करार देते हुए गैंगस्टर बना दिया।'

उन्होंने कहा, ''नोएडा सांसद महेश शर्मा के इशारे पर ही पुलिस ने श्रीकांत के परिवार पर जुल्म ढहाए। श्रीकांत के समर्थन में गए छह लड़कों को गुंडा बताकर पुलिस ने गंभीर धाराओं में जेल भेज दिया। इन सब बातों को लेकर ही आज नोएडा में त्यागी बिरादरी की महापंचायत बुलाई गई है।'

गांव-गांव BJP का विरोध
 शुरू हो गया ी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, सहारनपुर, अमरोहा में त्यागी बहुल गांवों में BJP नेताओं की नो एंट्री के पोस्टर लग चुके हैं। कई जिलों में धरना-प्रदर्शन तक हो चुके हैं।

पवन त्यागी ने राजनैतिक विशलेषक के तौर पर नोएडा में हुई महापंचयत पर अपनी राय व्यक्त करते हुए कहा कि नोएडा में हुई त्यागी महापंचायत से एक बात तो सामने आई कि पूरे देश का त्यागी समाज एकजुट है और खासतौर पर यूपी में उसका प्रभाव काफी है I भाजपा यदि त्यागी वोटबैंक को सम्भालने में सफल नहीं हुई तो यह वोट राष्ट्रीय लोकदल की तरफ जा सकता है ,इसके संकेत महापंचायत से पहले श्रीकांत त्यागी के घर जाकर और महापंचायत में रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी के पहुंचने से मिल चुके हैं I

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत ) भी श्रीकांत त्यागी के सर्मथन में उतर चुकी है जिससे यह भी अंदेशा है कि यह मुद्दा गांवों तक पहुंचा तो आने वाले लोकसभा चुनाव में पश्चिमी यूपी में भाजपा को काफी नुकसान हो सकता है ,इसलिए भाजपा शीर्ष नेतृत्व को श्रीकांत त्यागी के मुद्दे को हल्के में न लेकर इसपर तुरंत कार्यवाही करनी चाहिए







Next Story