कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 22 साल बाद चुनाव आज, दिग्विजय सिंह ने कहा- जो भी अध्यक्ष बनेगा गांधी परिवार के अंडर काम करेगा

Update: 2022-10-17 10:25 GMT

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आज चुनाव हो रहा है। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच अध्यक्ष पद के लिए रेस है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह ने राजधानी दिल्ली में वोट किया तो वहीं 'भारत जोड़ो यात्रा' की अगुवाई कर रहे राहुल गांधी कर्नाटक के बेल्लारी में मतदान किया। कांग्रेस में 22 साल बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है जबकि 24 साल बाद गांधी परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति अध्यक्ष होगा।  

प्रदेश कांग्रेस समितियों (पीसीसी) के 9,000 से अधिक प्रतिनिधि गुप्त मतदान के जरिये पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव हो रहा है। दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय और देशभर के 65 से ज्यादा केंद्रो पर मतदान किया जा रहा है।

लेकिन इसको लेकर कांग्रेस के नेता और गांधी परिवार के करीबी दिग्विजय सिंह ने चौंकाने वाला बयान दिया है। एएनआई से बातचीत करते हुए उन्होने कहा कि जो भी अध्यक्ष बनेगा वो गांधी परिवार के अंडर काम करेगा। 


वहीं कांग्रेस के नेता राजस्थान सीएम अशोक गहलोत ने अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कहा कि एक तरफ राहुल जी की भारत जोड़ो यात्रा और दूसरी तरफ कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव दोनों ही अपने-अपने जगह महत्वपूर्ण हैं। बीजेपी जब से सरकार में आई है तब से ये संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं। 

इधर बीजेपी लगातार कांग्रेस पार्टी पर हमलावर नजर आ रही है। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस का अध्यक्ष कोई भी बने लेकिन वह राहुल गांधी के हाथों की कठपुतली ही रहेगा।भाजपा ने कहा कि कांग्रेस की असली कमान तो गांधी परिवार के पास ही रहेगी। 

मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र के महापर्व चुनाव में वोट नहीं डालने वाले कमलनाथ जी को संविधान में नहीं लेकिन पार्टी संगठन में विश्वास है। कमलनाथ जी ऐसे चुनाव में वोट डालने गए हैं जिसका परिणाम पहले से सभी को पता है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में वोटिंग सिर्फ औपचारिकता है।

Tags:    

Similar News