कांग्रेस में जाने की अटकलों के बीच वरुण गांधी की चेतावनी, किसानों का बकाया पैसा नहीं दिया तो करेंगे प्रदर्शन

Update: 2023-01-09 08:07 GMT

2024 लोकसभा चुनाव से पहले सियासी मौसम में बदलाव हो रहा है। कई नेताओं के सुर बदल रहे है। अब कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों के बीच बीजेपी के सांसद वरुण गांधी ने किसानो का समर्थन करते हुए चीनी मिलों को चेतावनी दे दी है। वरुण गांधी ने कहा कि चीनी मिल किसानों के बकाए का भुगतान करे अगर वह ऐसा नहीं करते है तो प्रदर्शन का सामना करने के लिए तैयार रहे।

अपने संसदीय क्षेत्र पिलीभीत में के बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए वरुण गांधी ने कहा कि चीनी मिलों को किसानों के बकाए का भुगतान करना होगा। चीनी मिल तुरंत पैसों का भुगतान करें। ऐसा नहीं करने पर उनके दरवाजे पर सभा का आयोजन किया जाएगा। अपने संबोधन में उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए बेरोजगारी का मुद्दा उठाया और कहा कि सरकारी विभागों में एक करोड़ पद खाली हैं। सरकार को इन पदों को भरने का इंतजाम करना चाहिए। इस काम में हम भी मदद करने के लिए तैयार हैं।

साथ ही वरुण गांधी ने इस दौरान आवारा पशुओं का मुद्दा भी उठाया और कहा कि प्रदेश में ये पशु किसानों की फसल  को लगातार नुकसान पहुंचा रहे है। सरकार को आवारा पशुओं की समस्या का तुरंत हल निकालना चाहिए। जनसभा के दौरान किसानों ने एक पुलिस अधिकारी की शिकायत की तो गांधी ने मंच से ही फटकार लगाई और कहा कि पुलिस विभाग की शिकायतें बढ़ गई हैं।



बता दें कि बीजेपी सासंद वरुण गांधी के सुर लगातार बदल रहे है। किसानो का समर्थन करते हुए एक तरफ वरुण गांधी अपनी ही पार्टी की सरकार पर हमलावर है तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के सुर में सुर मिला रहे है। वरुण ने हाल ही में कहा कि मीडिया में 24 घंटे 'हिंदू-मुस्लिम' चलाया जा रहा है, अब ये बंद होना चाहिए। कांग्रेस पार्टी और जवाहर लाल नेहरू को लेकर दिए गए बयान के बाद से वरुण गांधी के कांग्रेस में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे है।

Tags:    

Similar News