विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में खिला कमल

Update: 2023-06-16 12:24 GMT

विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस को नगरीय निकायों के उपचुनाव में झटका लगा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के विधानसभा क्षेत्र छिंदवाड़ा में ही पार्टी प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा। नगर निगम छिंदवाड़ा के वार्ड क्रमांक 42 से भाजपा के संदीप सिंह चौहान ने कांग्रेस के राजेन्द्र स्वामी को पराजित किया है। इसी तरह सागर के दो और मुरैना, सागर, शहडोल और नीमच के एक-एक वार्ड में भाजपा प्रत्याशी जीते हैं। कांग्रेस को छह स्थानों पर जीत मिली है। बता दे, इसी वार्ड से 6 महीने पहले निर्दलीय जीते राजेश भोयर ने आत्महत्या कर ली थी। इसीलिए वार्ड नं 42 में उपचुनाव हुआ है।

यह उपचुनाव इसलिए भी अहम माना जा रहा था क्योंकि आगामी 6 महीने विधानसभा चुनाव होना है। इस उपचुनाव में दोनों ही पार्टी कांग्रेस और भाजपा ने अपनी ताकत झोंक दी थी। वही इस उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राजू स्वामी के पक्ष में वोट डालने की अपील खुद कमलनाथ ने वीडियो जारी कर की थी।

शुक्रवार को सुबह आठ बजे से नगरीय निकायों के उपचुनाव की मतगणना प्रारंभ हुई। छिंदवाडा़ जिले में सभी विधायक कांग्रेस के हैं। सांसद, महापौर और जिला पंचायत अध्यक्ष भी कांग्रेस से ही हैं। इसके बाद भी नगर निगम के उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, संतोष की बात यह रही कि जिले की परासिया नगर पालिका के वार्ड छह से पार्टी प्रत्‍याशी पूजा मरकाम ने भाजपा की आशा करपे को पराजित किया। वहीं, सागर जिले के बिलहरा और बांदरी, मुरैना, शहडोल और नीमच में भी पार्षद पद पर भाजपा प्रत्याशी जीते। कांग्रेस के प्रत्याशी सतना, धार, मंदसौर, देवास और बुरहानपुर में विजयी रहे हैं।

BJP नेताओ ने कांग्रेस पर साधा निशाना 

वहीं इस शानदार जीत के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने छिंदवाड़ा नगर निगम में आज पार्षद उप चुनाव में इतिहास बनाया है। छिंदवाड़ा गरीब कल्याण के हितग्राहियों का गढ़ है। कमलनाथ के अपील जारी करने के बाद भी बीजेपी के प्रत्याशी ने 436 वोटों से जीत हासिल कर इतिहास बनाया है। यह 2023 के चुनाव का आगाज है। अभी तो यह अंगड़ाई है, आगे देखते जाइए। इस जीत के साथ छिंदवाड़ा की जनता ने सौगात दी है। छोटा चुनाव था, लेकिन बड़ी जीत है। छल, कपट, झूठ बोलने वालों को आईना दिखाया है।

वहीं, गृह मंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि परिणाम बता रहा है कि भाजपा की जीत की शुरुआत छिंदवाड़ा से हुई है। यह शुभ संकेत हैं।

कौन है संदीप चौहान?

बता दें शहर के वार्ड नं 42 में हो रहे नगरनिकाय उपचुनाव में भाजपा से संदीप चौहान ने 462 वोट से जीत दर्ज की है। संदीप चौहान उर्फ छोटू अपने वार्ड मे हमेशा से ही सक्रिय रहते है। इनकी उम्र 40 वर्ष है, वह एक सजग पत्रकार के साथ कई वर्षों से आरएसएस से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी का दायित्व की भूमिका में हैं।

Tags:    

Similar News