राष्ट्रपति चुनाव में भी जमकर हुई क्रॉस वोटिंग, कांग्रेस-सपा-NCP के विधायक बोले- द्रौपदी मुर्मू को किया वोट

Update: 2022-07-18 12:07 GMT

देश में 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान जारी है। राज्यों की विधानसभा और संसद भवन में मतदान हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह समेत तमाम बड़े नेताओं ने संसद भवन में बने बूथ पर मतदान किया।  तो वहीं तमाम राज्यों के मुख्यमंत्री और विधायकों ने  अपनी - अपनी विधानसभाओं में वोट डाला है। लेकिन इसी बीच  क्रॉस वोटिंग की भी खबरें सामने आई है। जहां  गुजरात में एनसीपी के विधायक ने एनडीए उम्मीदवार मुर्मू को वोट डालने का दावा किया। तो वहीं, ओडिशा में भी पार्टी से नाराज चल रहे कांग्रेस विधायक ने द्रौपदी मुर्मू को वोट देने की बात कही है। इसके अलावा यूपी , हरियाणा, बंगाल , मेघालय और असम से भी क्रॉस वोटिंग की खबर सामने आई है। असम में AIUDF विधायक ने दावा किया है कि असम में कांग्रेस के 20 से ज्यादा विधायक क्रॉस वोटिंग की। 

ओडिशा कांग्रेस विधायक मोहम्मद मोकीम ने वोट डालने के बाद एनआई से बातचीत करते हुए कहा कि मैं एक कांग्रेस विधायक हूं लेकिन मैंने एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। यह मेरा निजी फैसला है क्योंकि मैंने अपने दिल की सुनी है जिसने मुझे धरती के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित किया और इसलिए उन्हें वोट दिया।

वहीं असम से AIUDF के विधायक करिमुद्दीन बारभुइया ने दावा करते हुए कहा है कि असम में कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। करिमुद्दीन के मुताबिक, कांग्रेस ने रविवार को बैठक बुलाई थी। लेकिन इसमें सिर्फ 2-3 विधायक पहुंचे थे। सिर्फ जिला अध्यक्ष ही मीटिंग में पहुंचे थे। इससे साफ होता है कि कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। इतना ही नहीं उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 20 से ज्यादा विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। उन्होंने कहा कि परिणाम आने के बाद आपको नंबर पता चल जाएगा।

विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करने वाली समाजवादी पार्टी के भी एक विधायक द्वारा क्रॉस वोटिंग की खबर है। सपा के बरेली जिले के भोजीपुरा विधायक शहजील इस्लाम ने राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग की NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। 

इसके अलावा राष्ट्रपति चुनाव में मेघालय में भी क्रॉस वोटिंग हुई है  5 कांग्रेस विधायकों ने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में की वोटिंग की। हरियाणा कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने पिछले महीने राज्य सभा के चुनाव में क्रॉस वोटिंग की थी। अब उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव को लेकर भी कहा है कि उनके मन ने जिस बात की गवाही दी, वही किया है। माना जा रहा है कि उन्होंने एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। 

एनडीए ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है, तो वहीं विपक्ष ने यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। 21 जुलाई को मतगणना के बाद पता चल जाएगा कि देश का 15वां राष्ट्रपति कौन होगा? लेकिन फिलहाल एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू मजबूत स्थिति में नजर आ रही है।

Tags:    

Similar News