द्रौपदी मुर्मू बनीं देश की पहली महिला आदिवासी राष्‍ट्रपति

भारतीय इतिहास का आज गौरवशाली क्षण है। पहली बार कोई आदिवासी महिला इस देश की राष्ट्रपति चुनी गई हैं।

Update: 2022-07-21 15:15 GMT

NDA की ओर से राष्‍ट्रपति पद के लिए उम्‍मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) जीत गई हैं। उन्होंने विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को मतों से हरा दिया है। बता दें कि मुर्मू झारखंड की राज्‍यपाल रह चुकी हैं। वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं।

राज्‍यसभा के सेक्रेटरी जनरल पीसी मोदी के अनुसार, तीसरे राउंड में कर्नाटक, केरल, मध्‍य प्रदेश, महाराष्‍ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा और पंजाब के वोटों की गिनती हुई। इस राउंड में कुल वैध वोट 1333 रहे जिनकी वैल्‍यू 1,65,664 है. द्रौपदी मुर्मू को 812 वोट मिले जबकि यशवंत सिन्‍हा को 521 वोट मिले। दूसरे राउंड की बात करें तो इसमें वर्णानुक्रम में आने वाले पहले 10 राज्‍यों के बैलेट पेपर की गणना की गई, इसमें कुल 1138 वोट पड़े जिनकी कुल वैल्‍यू 1,49,575 है । इन वोटों में से द्रौपदी मुर्मू को 809 वोट (वैल्‍यू 1,05,299) मिले हैं जबकि यशवंत सिन्‍हा को 3329 वोट मिले हैं जिनकी वैल्‍यू 44,276 है। पहले राउंड के बाद जानकारी दी गई थी कि सांसदों के कुल वैध मतों की संख्या 748 थी, जिनमें से 540 वोट द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में रहे जबकि 204 वोट विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हासिल हुए हैं।

राष्‍ट्रपति चुनाव में अलग-अलग राज्यों के क़रीब 104 विधायकों और 17 सांसदों ने द्रौपदी मुर्मु के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की है। 

राष्‍ट्रपति चुनाव परिणाम

कुल वोट: 3219 ( वैल्‍यू 838839)

द्रौपदी मुर्मू : 2161 ( वैल्‍यू 577777)

यशवंत सिन्‍हा :1058 ( वैल्‍यू261062)

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई

प्रधानमंत्री ने लिखा कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का जीवन, उनके शुरुआती संघर्ष, उनकी समृद्ध सेवा और उनकी सफलता हर भारतीय को प्रेरित करती है। वह हमारे देश के नागरिकों, विशेष रूप से गरीबों, और दलितों के लिए आशा की किरण बनकर उभरी हैं। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी एक सर्वश्रेष्ठ विधायक और मंत्री रही हैं। झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल शानदार रहा है। मुझे भरोसा है कि वह एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति होंगी जो आगे बढ़कर देश का नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करने में हमारी मदद करेंगी। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी लाइन के बाहर उन सभी सांसदों और विधायकों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया है। उनकी जीत हमारे लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है।



द्रौपदी मुर्मू के गृह राज्‍य ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने दी बधाई

ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने भी द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। ओडिशा द्रौपदी का गृहराज्‍य है। उन्‍होंने लिखा ओडिशा की बेटी द्रौपदी मुर्मू को देश का 15वां राष्‍ट्रपति चुने जाने पर बाधाई। ओडिशा के लिए यह गौरव भरा क्षण है।


यशवंत सिन्‍हा ने द्रौपदी मुर्मू को दीं शुभकामनाएं

राष्‍ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्‍मीदवार यशवंत सिन्‍हा ने द्रौपदी मुर्मू को जीत पर बधाई दी है। द्रौपदी मुर्मू को बधाई देते हुए सिन्‍हा ने कहा, उम्‍मीद करता हूं कि वे बिना किसी भय या पक्षपात के काम करेंगी।

Tags:    

Similar News