उनके मुंह से निकली बोली तो हमारी बंदूक से निकलेगी गोली- SP विधायक शहजिल इस्लाम

Update: 2022-04-03 12:59 GMT

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी गठबंधन 125 सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब रही। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को महज 47 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, 2017 में 325 सीटों जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी गठबंधन को 273 सीटें आईं। समाजवादी पार्टी का इस बार वोट शेयर इस बार काफी बढ़ा और पिछले बार की तुलना में सीट बढ़ी तो विधायकों के सुर भी बदल गए हैं। यूपी के बरेली जिले के भोजीपुरा विधानसभा सीट से विधायक बने समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री शहजिल इस्लाम ने सीधे सीएम योगी आदित्यनाथ पर हमला बोल दिया है। उन्होंने कहा कि पहले हमारे विधायक कम थे तो कुछ भी बोला जा रहा था। अब अगर उन्होंने कुछ भी बोला तो हमारी बंदूक से धुआं नहीं, गोली निकलेगी। उनका यह बयान अब चर्चा में आ गया है।

सम्मान समारोह में किया शपथ ग्रहण समारोह का जिक्र

भोजीपुरा विधायक के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया था। इस दौरान उन्होंने 28 मार्च को अपने शपथ ग्रहण समारोह का जिक्र किया। विधायक ने कहा कि जब मैं शपथ लेने यूपी विधानसभा में पहुंचा तो पार्टी के सदस्य काफी खुश थे। पहले जीते विधायकों ने हमें बताया कि इस बार अच्छा हुआ कि अपने 125 विधायक जीत कर आए। पिछली बार 47 ही जीते थे तो काफी मुश्किल बढ़ी हुई है। सदन में हमारे साथियों की उपस्थिति 25 से 30 ही हो पाती थी। उस समय सदन में हमें काफी कुछ सुनना पड़ता था। सीएम योगी आदित्यनाथ गाली नहीं देते थे और सब कुछ बोल देते थे। अब स्थिति बदली है।

अखिलेश के नेता बनने की चर्चा के साथ दे डाली ये धमकी

विधायक शहजिल इस्लाम ने कहा कि इस बार हमारे नेता अखिलेश यादव हैं। विधानसभा में हमारी संख्या भी अच्छी है। नेता के सदन में रहने की स्थिति में हमारे साथियों की भी उपस्थिति ठीक रहेगी। ऐसे में अगर सीएम योगी ने अपशब्द कहा तो ठीक नहीं होगा। शहजिल इस्लाम यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि अब उनके मुंह से आवाज निकलेगी तो हमारी बंदूकों से भी। आप यह मत समझना धुआं निकलेगा, गोली निकलेगी। शहजिल का यह बयान अब वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर यह मामला अब तूल पकड़ने लगा। भाजपा की ओर से भले ही इस मामले में अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन लोग विधायक पर निशाना साध रहे हैं।

चुनाव के समय से ही आने लगे थे विवादित बयान

समाजवादी पार्टी और सहयोगी दलों के नेताओं के विवादित बयान चुनाव के समय से ही आने लगे थे। शहजिल इस्लाम उसी कड़ी को आगे बढ़ाते दिख रहे हैं। उनका यह बयान सपा और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के लिए ही मुश्किलें खड़ी करेगा। इससे पहले मऊ सदर से विधायक बने मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी ने अंतिम चरण के चुनाव से पहले ही प्रदेश में अखिलेश सरकार बनने की स्थिति में सरकारी पदाधिकारियों को देख लेने की धमकी दे दी थी। वहीं, सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर भी योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनावी मैदान में विवादित बयान देते नजर आए थे।

Tags:    

Similar News